मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शांति के मार्ग पर : शेखावत
24 Jan, 2026 11:51 PM
नज़राना टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत भगवान बुद्ध द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर विश्व में शांति और सह-अस्तित्व स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। वे आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित दूसरे वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह शिखर सम्मेलन “सामूहिक ज्ञान, एकजुट स्वर और पारस्परिक सह-अस्तित्व” के उद्देश्य को मजबूती प्रदान करेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं आज भी मानवता को सद्भाव, सहनशीलता और सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत भगवान बुद्ध की भूमि है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सम्मेलन के स्वागत भाषण में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के महानिदेशक अभिजीत हल्दर ने देश-विदेश से आए सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया और दो दिवसीय सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
दो दिवसीय इस वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन में थाईलैंड के पूर्व विदेश मंत्री मारिस संगियामपोंगसा, वियतनाम के परम पूज्य थिच डुक थियेन, भारत के ग्येलत्रुल जिग्मे रिनपोछे, भूटान के जोंगसार जम्यांग खेंत्से रिनपोछे, म्यांमार के परम पूज्य आशिन कुमारा, नेपाल के प्रो. डॉ. सुबर्णा लाल बज्राचार्य, जापान के रेव. कोशो तोमिओका, ताइवान के मास्टर शिह जियान-यिन, भारत के वेन. आनंद भंते तथा अमेरिका के प्रसिद्ध बौद्ध विद्वान प्रोफेसर रॉबर्ट थरमन सहित अनेक विद्वान विभिन्न सत्रों में अपने विचार रखेंगे।
सम्मेलन में सामाजिक समरसता, सम्यक आजीविका, वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाएं, सतत जीवन शैली, शिक्षा तथा संघ की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत मंथन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि संस्कृति मंत्रालय के संरक्षण में वर्ष 2011 में स्थापित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ विश्व स्तर पर बौद्ध मूल्यों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
Posted By: GURBHEJ SINGH ANANDPURI








