तिलक नगर स्थित साई सोसाइटी 12 ब्लॉक में स्थित डीडीए फ्लैटों के निवासी प्रशासनिक लापरवाही के कारण बेहद परेशान
- समाजिक
- 13 Jul, 2026 08:56 AM (Asia/Kolkata)
नई दिल्ली, 13 जुलाई, पत्रकार गौरव मढिया
पार्क में फूलों और पौधों की जगह जंगली पेड़ों ने विकराल रूप धारण किया
तूफान में पेड़ गिरने से कई बार जान-माल का हुआ नुकसान
देश की राजधानी नई दिल्ली के तिलक नगर स्थित साई सोसाइटी 12 ब्लॉक में रहने वाले लोग प्रशासनिक लापरवाही के कारण बेहद मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इलाके के निवासियों ने बताया कि इलाके में एक सरकारी पार्क है, जिसमें फूल, पौधे और झूले तो नहीं हैं, लेकिन जंगली पेड़ भयानक रूप ले चुके हैं। आंधी-तूफान में इन पेड़ों की सूखी, खतरनाक डालियाँ लोगों के घरों, गाड़ियों और लोगों पर गिर जाती हैं, जिससे कई बार जान-माल का नुकसान होता है और लोगों को इसकी भरपाई अपनी जेब से करनी पड़ती है। ये जंगली पेड़ हर दिन लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर पार्षदों, विधायकों और संबंधित विभागों को कई बार लिखित शिकायतें भी की हैं, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है। इस संबंध में इलाके के निवासियों उषा पुरी, माधवी देवी, नेहा सेठी मढिया , अनुपमा, हरप्रीत कौर, हरबंस कौर, बलजीत कौर, मंजिंदर कौर, राजविंदर कौर और सुरिंदर नेगी ने दिल्ली सरकार से पुरजोर मांग की कि मुहल्ले के पार्क का सुधार किया जाए, पार्क में लगाए गए जंगली पेड़ों को हटाया जाए ताकि लोगों की जान-माल का कोई नुकसान न हो और बच्चों के लिए झूले,व्यायाम के लिए जिम मशीनें, बैठने के लिए नई सीटें, फूल, पौधे, नई घास आदि लगाकर पार्क को एक सुंदर पार्क बनाया जाए।
Leave a Reply